Header Ads




निर्वाचन में कोताही अक्षम्य, लापरवाही पडे़गी भारी - कलेक्टर श्री गढ़पाले


 लोकसभा उपचुनाव की तैयारियों में जुटी प्रशासन की टीम
बड़वारा में ही सामग्री वितरण के साथ होगी मतगणना
कलेक्टर श्री गढपाले ने नोडल अधिकारियों की ली मीटिंग
कटनी-(01 अक्टूबर)- आगामी दिनों में शहडोल लोकसभा  के उपचुनाव होना है। इसमें कटनी जिले की बड़वारा विधानसभा में भी वोटिंग होगी। जिले में चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिये प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। उपचुनाव की तैयारियों के मद्धेनजर शनिवार को बड़वारा जनपद पंचायत के सभागार में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष गढ़पाले ने जिलास्तरीय नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होने स्पष्ट करते हुए कहा कि, निर्वाचन कार्य में कोताही अक्षम्य है। लापरवाही भारी पडे़गी। जो निर्देश आपको दिये जायें उनका पालन सर्वोच्च प्राथमिकता पर करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी भी उपस्थित थे।
निर्भीकता के साथ करायें निष्पक्ष निर्वाचन
            बैठक में दो टूक बात कहते हुए कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी अधिकारियों को निर्भीकता के साथ निष्पक्ष निर्वाचन कराने की बात कही। उन्होने आदेश देते हुए कहा कि अधिकारी निर्वाचन से जुडे़ निर्णय त्वरित रूप से लें। अधिनस्थों के हाथों नहीं, स्वयं के हाथों कमान रखें। अवकाश देना बंद करें। बहुत ही आवश्यक होने पर अधिनस्थों को सक्षम अधिकारी द्वारा अनुमति प्रदान होने के बाद ही अवकाश दें। इसके साथ ही सभी नोडल अधिकारी अपने साथ 24 घंटे कम्प्यूटर ऑपरेटर, क्लर्क जरूर ड्यूटी पर रखें ताकि, निर्वाचन आयोग द्वारा जारकारी मांगे जाने पर त्वरित रूप से प्रेषित की जा सके।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से हो पालन
            भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम जारी करने के बाद से ही संबंधित क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो जायेगी। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने अधिकारियों को बैठक में निर्देश दिये कि प्रत्येक परिस्थिति में आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन हो। अफवाहों को भी संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें और उसका क्रॉस वेरिफिकेशन जरूर करें। इसके साथ ही आदर्श आचारण संहिता लागू होने के बाद से कोई भी निर्माण एजेंसी नया कार्य प्रारंभ न करे।

बड़वारा में ही सामग्री वितरण के साथ होगी मतगणना

            बैठक में स्पष्ट करते हुए कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि इस बार लोकसभा उपचुनाव में बडवारा के मॉडल स्कूल से ही निर्वाचन सामग्री का वितरण किया जायेगा व मतगणना भी यहीं पर होगी। बैठक के बाद कलेक्टर व एसपी सहित सभी अधिकारियों ने मॉडल स्कूल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सामग्री वितरण और मतगणना के दिन की रूपरेखा समझाई।

निर्वाचन दिनॉंक के पूर्व शत-प्रतिशत मतदाता पर्ची का हो जाये वितरण
            बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बडवारा व ढीमरखेडा एसडीएम को निर्वाचन दिनॉंक के पूर्व शत-प्रतिशत मतदाता पर्चियों का वितरण सुनिश्चत कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि यदि निर्वाचन तिथि के पहले बीएलओ द्वारा मतदाता पर्ची नहीं वितरित की गई तो बीएलओ पर कार्यवाही होगी ही।
मतदाता जागरूकता के लिये आयोजित करें गतिविधियॉं
कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने नोडल अधिकारी स्वीप को मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्वेश्य से विभिन्न गतिवधियों का आयोजन करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि, निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों में भी वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता का आयोजन करें। इसके अतिरिक्त स्वच्छता पर आयोजित हो रही रात्रि चौपालों में भी मतदाताओं को जागरूक किया जाये।
            सभी कार्यालय कार्यालीन पत्राचार में उपयोग में आने वाले आवेदनों, रसीदों एवं अन्य पत्रों पर मतदाताओं को प्रेरित करने वाले स्लोगनों की सील लगायें।
अलर्ट रहें अधिकारी
बडवारा जनपद के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने भी सभी अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान अलर्ट रहने की निर्देश दिये। उन्होने कहा कि थाना प्रभारी एवं तहसीलदार अभी से अपना होमवर्क कर लें। साथ ही सभी मतदान केंन्द्रों का विजिट भी करें। वलनरेवल और क्रिटिकल मतदान केंन्द्रों पर विशेष फोकस किया जाये। प्रत्येक अफवाह पर त्वरित एक्शन हो। सक्रियता के साथ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जायें। फलाइंग स्कॉड आचार संहिता लागू होते ही सक्रिय हो जायें। जिन मतदान केन्द्रों पर पूर्व में कुछ समस्यायें रही हैं उनपर विशेष ध्यान रखा जाये।

निष्पक्ष निर्वाचन के लिये यह भी दिये निर्देश
बैठक में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष निर्वाचन के लिये कलेक्टर विशेष गढपाले ने अन्य महत्वपूर्ण निर्देश दिये। इनमें -
  • एसडीएम और तहसीलदार पोलिंग से पहले एक-एक पोलिंग बूथ का निरीक्षण करें।
  • संबंधित अधिकारी कमजोर वर्ग के लोगों को निष्पक्ष वोट के लिये प्रेरित करें।
  • आचार संहिता लगते ही तेजी से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जायें।
  • शेडो एरिया में रनर में महिलाओं की डयूटी नहीं लगाई जाये। सक्रिय कर्मचारियों को ही इसमें नियुक्त किया जाये।
  • बडवारा विधानसभा में पूर्व में हुए निर्वाचन में जिन 25 पोलिंग बूथों में कम मतदान हुआ वहॉं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
  • कलेक्टर ने बताया कि सामग्री वितरण की व्यवस्था 278 मतदान केन्द्रों के लिये 278 टेबलों पर की जायेगी। इसकी बेहतर व्यवस्था के लिये उन्होने आरओ और एआरओ निर्देशित किया।
  • प्रत्येक टेबल पर सहायता के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिये।
  • लोकसभा उपचुनाव में रीठी, बहारीबंद और कटनी ब्लॉक के स्टाफ की लगाई जायेगी ड्यूटी।
  • ढीमरखेडा और बडवारा में पेट्रोल व डीजल का रिजर्व स्टॉक रखने के दिये निर्देश।
  • क्रिटिकल बूथों पर वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिये।
  • मॉकपोल के दिन सेक्टर अधिकारी को सुबह से फील्ड पर तैनात रहने के निर्देश दिये।
  • मतदाताओं का ट्रांसपार्ट होने पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये।
  • स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिये सीसीटीव्ही कैमरा लगाये जाने के निर्देश दिये।
  • सभाओं, रैलियों के लिये अनुमति के लिये बड़वारा और ढीमरखेड़ा एसडीएम होंगे सक्षम अधिकारी रहेंगे।
  • सामग्री वितरण एवं जमा कराने के लिये सिंगल विंडो सिस्टम की रहेगी व्यवस्था।
  • ईवीएम के साथ ईवीएम मशीन ऑपरेट करने की स्टेप टू स्टेप चेकलिस्ट भी दी जायेगी।
  • मतगणना के दिन ज्यादा से ज्यादा टेबल पर होगी काउंटिंग।
  • चुनाव प्रचार की समय सीमा समाप्त होने के बाद से ही सक्रिय रूप से सभी सेक्टर ऑफिसर को सक्रियता के साथ फील्ड पर तैनात रहकर कार्य करने के भी कलेक्टर ने निर्देश दिये।
  • सेक्टर अधिकारी सिर्फ मतदान केन्द्र ही नहीं, सौ मीटर के क्षेत्र का अवलोकन भी करें।
  • पोलिंग पार्टी को दी जाने वाली सामग्री में हेल्थ किट भी दी जाये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी करायें तैयार। सेक्टर अधिकारी के पास रहेगी फर्स्ट-ऐड किट।
  • 108 सक्रिय रखने के भी दिये निर्देश। मतदान के दिन निर्वाचन क्षेत्र के उपस्वास्थ्य केन्द्र सक्रियता से करें कार्य।
  • निर्वाचन के लिये सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के आदेश मोबाईल नंबरों के साथ जारी किये जायें।
  • साथ ही जिन मतदान केन्द्रों पर 700 से ज्यादा वोटर्स हैं वहॉं पर सीईओ जनपदों को मतदान केन्द्रों के बाहर मर्करी लगाने के भी निर्देश कलेक्टर ने दिये हैं। 

No comments

Powered by Blogger.