क्रिटीकल मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग के जरिये रखी जाये पैनी नजर
शांतिपूर्ण व निर्विघ्न मतदान संपन्न कराने आयोग के निर्देशों का करें पालन- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी
पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न
कटनी (24 अक्टूबर)- सोमवार जिला पंचायत सभागार में पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान करते हुए कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष गढ़पाले ने कहा कि आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए शांतिपूर्वक व निर्विघ्न मतदान संपन्न कराने की आप लोगों की जवाबदारी है। बेहद सतर्कता व सजगता के साथ आप सभी सौंपे गये उत्तरदायित्वों का निर्वहन करें। आयोग के प्रेक्षकों द्वारा प्रत्येक क्षेत्रों में पैनी निगाह रखकर निर्वाचन प्रकिया की सतत निगरानी की जायेगी।
मतदान केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे का निरीक्षण कर यह सुनिश्चत करें कि वहॉं पर किसी भी तरह की दुकानें व ठेले नहीं लगें। भीड़ इकटठी न हो। रात्री में भी मतदान केन्द्रों के आस-पास सतर्कता के साथ निगरानी की जाये। मतदान दिवस पर भी व्यवस्था सुचारु रुप से चले। मतदान करने व बाहर निकलने की पंक्तिबद्ध कतारें लगवाई जायें। मतदान केन्द्रों के सौ मीटर के दायरे व मतदान केन्द्रों भीतर मोबाईल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। राजनैतिक दलों के एजेट भी मोबाईल नहीं ले जा सकेंगे। मॉकपोल के समय भी अलर्ट रहें।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गढ़पाले ने प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिये कि 17 चैकपोस्टों में लगाये गये वीडियोग्राफरों को ब्रीफकर प्रत्येक गतिविधियों को कैमरे में कैद किये जायें। मतदान केन्द्रों से संबंधित वीडियो के लिये भी उन्हे अच्छी तरह समझाईस दी जाये। न्यूनसेंस एलीमेंट्स की फोटो तत्काल खींचें। प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में तेजी लायें। फरार वारंटियों के घरों में दस्तक दी जाये। मतदान प्रभावी करने की यदि कोशिश की जाती है तो एैसे व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखकर तत्काल कार्यवाही की जाये। शराब या पैसे बंटने की शिकायत मिलने पर तत्काल जॉंचकर कार्यवाही करें।
उन्होने कहा कि टीमवर्क से प्रत्येक कार्य में सफलता मिलती है। एसडीएम, एसडीओपी व अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण परस्पर समन्वय बनाकर कार्य करें। महत्वपूर्ण मामले की जानकारी मुझे तत्काल दें। समाज में कानून व्यवस्था बनाये रखने की जवाबदारी निभायें। सतर्क, सजग व सुरक्षित रहकर कार्य करें। क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष निगाह रखें। क्रिटीकल मतदान केन्द्रों की वेबकास्टिंग के जरिये पैनी निगाह रखी जायेगी।
प्रत्येक मतदान दल को मेडिकल किट दी जायेगी। इसमें प्रत्येक बीमारी से संबंधित आवश्य दवाईयॉं रहेंगी। मतदान को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिये आप सभी निष्पक्ष होकर कार्य करें। आयोग से संबंधित जानकारी समय पर भिजवाना सुनिश्चत करें। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों की शंकाओं का भी निवारण किया गया।
उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों को सहायक नोडल अधिकारी के.डी. सिंह, मास्टर ट्रेनर्स मुकेश द्विवेदी, राजेन्द्र असाटी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर व उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुनन्दा पंचभाई, जिला पंचायत सीईओ डॉ. के.डी. त्रिपाठी, एएसपी यशपाल सिंह राजपूत, नोडल अधिकारी प्रशिक्षण एन.डी. गुप्ता, सीएसपी शशिकांत शुक्ला, एसडीओपी भरत सोनी, कमला जोशी सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित थे।

No comments