वीडियोग्राफी, एमसीएमसी, पेड न्यूज, कॉल सेंटर, कंट्रोलरुम एवं डाक मतपत्र टीम का प्रशिक्षण संपन्न
ईडीसी जारी होने के बाद डियूटी स्थल मतदान केन्द्र में ही करना होगा मतदान
टीम को डाक मतपत्र की बारीकियों से अवगत कराया एडीएम डॉ. सुनन्दा पंचभाई ने
कटनी (24 अक्टूबर)- शहडोल लोकसभा उपनिर्वाचन-2016 के तहत बड़वारा विधानसभा के लिये आगामी माह में संपन्न होने वाले निर्वाचन हेतु वीडियोग्राफी, एमसीएमसी, पेड न्यूज, कॉल सेंटर, कंट्रोलरुम एवं डाक मतपत्र टीम को प्रशिक्षण देते हुए अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुनन्दा पंचभाई ने डाक मतपत्र एवं निर्वाचन संबंधित बारीक जानकारियॉं प्रदान करते हुए संबंधित टीमों को बतलाया कि आप लोगो को सौंपे गये कार्य अतिमहत्वपूर्ण हैं। इसे पूर्ण सजगता, कर्मठता एवं तत्परता के साथ संपादित करना होगा। निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की चूक क्षम्य नहीं होगी।
जिला पंचायत सभागार में आज प्रातः 11 बजे से आयोजित वीडियोग्राफी, एमसीएमसी, पेड न्यूज, कॉल सेंटर, कंट्रोलरुम एवं डाक मतपत्र टीम का का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। इसमें संबंधित दलों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि पोस्टल बेलेट/ईडीसी जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों, कर्मचारी अपनी तैनाती मतदान केन्द्रों में ही मतदान कर सकेंगे। डाक मतपत्र के कलर एवं उसमें संबंधित जानकारी भरी जाने के लिये भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पर्ण एवं प्रतिपर्ण का विशेष ध्यान रखने के लिये मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षित किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष गढ़पाले मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स मुकेश द्विवेदी एवं डॉ. सुनील वाजपेयी ने डाक मतपत्र जारी करने, पेड न्यूज, वीडियोग्राफी, आदर्श आचरण संहिता के पालन के लिये संबंधित टीमों को उन्हे सौंपे गये कार्यों के बारे में अन्य विस्तृत जानकारी मुहैया कराकर कार्य करने के तौर-तरीके भी बताये।
पेड न्यूज पर कंट्रोल रुम द्वारा पैनी निगाहें रखी जायें। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की गाईड लाईन का पालन किया जाये। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक चैनलों के समाचारों का सतत अवलोकन करते हुए प्रतिदिन की जानकारी से आयोग को अवगत कराया जाये। पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें।
प्रशिक्षण में एसडीएम ढीमरखेडा राजेश पटेल, नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) परियोजना संचालक आत्मा एन.डी.गुप्ता, सहायक नोडल अधिकारी के.डी. सिंह, उपसंचालक खनिज एवं कृषि सहित अन्य सभी अधिकारीगण उपस्थित थे।

No comments