गॉंव-गॉंव पहुंचे जागरुकता दल, ग्रामीण मतदाताओं को किया नैतिक मतदान के लिये प्रेरित
पहले हमारा वोट डलेगा - चूल्हा उसके बाद जलेगा
कटनी (8 नवंबर)- संसदीय क्षेत्र शहडोल उपनिर्वाचन 2016 मे नैतिक मतदान के प्रति मतदाताओं को जागरुक करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा विशेष मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कलेक्टर द्वारा गठित 31 दल विभिन्न ग्रामों में पहुंचे। यहां पर दलों द्वारा ग्रामीण मतदाताओं को मताधिकार की शक्ति की जानकारी दी गई। वहीं नैतिक मतदान के प्रति प्रेरित भी किया गया। कहीं चौपाल लगाई गई, तो कही ंरैलियों का आयोजन जागरुकता दलों ने किया। इसमें ग्रामीणों ने भी बढ़-चढकर हिस्सा लिया। चौपालों में ईव्हीएम मशीनों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को बताया गया कि शहडोल लोकसभा उपनिर्वाचन 2016 में 19 नवंबर को अपने मत का उपयोग करें और नैतिक मतदान करें।
इसी कड़ी में 8 नवंबर को दल के सदस्यों द्वारा महगवां, देवरी, मंगेला, पडरियाखुर्द, करही, मारसिहुड़ी, दादरसिंहुडि, मुडीखेड़ा और दसरमन की विभिन्न बस्तियों में विभिन्न गतिविधियां आयोजि की गई। इनके माध्यम से स्थानीय मतदाताओं को 1-1 मत के महत्व को बताया गया। दल के सदस्यों ने बताया कि अपने मताधिकार का प्रयोग सभी को बिना डर, लोभ और भय के करना चाहिये। क्योंकि आपका एक मत ही आपके भविष्य की दशा-दिशा तय करेगा। नैतिक मतदान को प्रेरित करने के साथ ही दल के सदस्यों ने ग्रामीण मतदाताओं को किसी भी डराने वाले या धमकाने वाले व्यक्ति की शिकायत मतदान केन्द्र के बाहर लिखे हुए नंबरों पर करने की जानकारी दी।
4 जागरुकता वाहन हुए थे रवाना
मंगलवार की सुबह सहायक नोडल अधिकारी स्वीप व डीपीसी के नेतृत्व में 4 मतदाता जागरुकता वाहन कलेक्ट्रेट परिसर के रवाना हुए थे। इन जागरुकता वाहनों में सवार स्वीप दल के सदस्यों ने मार्ग पर पड़ने वाले निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामों में भी मतदाताओं को चौपाल लगाकर प्रेरित किया। साथ ही वाहनों के बोनट पर ही ईव्हीएम मशीनों को रखकर उनका प्रदर्शन भी किया।
No comments